उत्तराखंड

हाई-वोल्टेज ड्रामा: रुद्रपुर में मोबाइल टावर पर चढ़ी महिला, बेटे पर पुलिस कार्रवाई से थी नाराज

शहर के त्रिशूल चौक पर उस समय हड़कंप मच गया, जब एक महिला अचानक मोबाइल टावर पर चढ़ गई और नीचे कूदकर आत्महत्या करने की धमकी देने लगी. महिला को टावर पर चढ़ा देखकर मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई. घटना के चलते आसपास के क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया. सूचना मिलते ही रुद्रपुर कोतवाली पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुंचकर मोर्चा संभाला. पुलिस, फायर ब्रिगेड, एंबुलेंस और एसडीआरएफ की संयुक्त टीम ने सूझबूझ का परिचय देते हुए महिला को सुरक्षित नीचे उतार लिया. इसके बाद उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया.

महिला के बेटे के खिलाफ दिनेशपुर थाने में पॉक्सो एक्ट और भारतीय न्याय संहिता के तहत मुकदमा दर्ज है. इसी मामले में पुलिस द्वारा आरोपी बेटे को पूछताछ के लिए थाने बुलाया गया था. आरोप है कि इसी कार्रवाई से नाराज होकर महिला ने पुलिस और शिकायतकर्ता पर दबाव बनाने के उद्देश्य से यह कदम उठाया. 22 नवंबर 2026 को कोतवाली रुद्रपुर पुलिस को सूचना मिली कि त्रिशूल चौक स्थित ट्रैफिक कार्यालय के सामने लगे मोबाइल टावर पर एक महिला चढ़ गई है. सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुंची.

मौके पर पहुंचने पर पुलिस ने देखा कि महिला काफी ऊंचाई पर टावर पर चढ़ी हुई थी और नीचे कूदने की धमकी दे रही थी. महिला की स्थिति को देखते हुए पुलिस ने तत्काल फायर विभाग, एंबुलेंस और एसडीआरएफ को मौके पर बुलाया. रेस्क्यू अभियान के दौरान पुलिस और अन्य विभागों की टीमों ने काफी सतर्कता बरती. आखिरकार संयुक्त प्रयासों से महिला को सुरक्षित नीचे उतार लिया गया. महिला की पहचान निवासी जगतपुरी दिनेशपुर तथा मूल निवासी गरुड़, जिला बागेश्वर के रूप में हुई है. घटना के बाद महिला घबराई हुई थी, जिसके चलते उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार जारी है.

पुलिस का आरोप है कि बेटे के खिलाफ चल रही कानूनी कार्रवाई को प्रभावित करने और मामले के वादी तथा पुलिस पर दबाव बनाने के उद्देश्य से महिला ने त्रिशूल चौक के पास मोबाइल टावर पर चढ़कर कूदने की धमकी दी. महिला के इस कदम के कारण मौके पर बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जमा हो गई, जिससे सार्वजनिक मार्ग पर आवागमन और यातायात भी प्रभावित हुआ. हालांकि पुलिस ने तत्काल स्थिति को नियंत्रित करते हुए यातायात व्यवस्था को संभाला. पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मामले में संबंधित कानूनी प्रावधानों के तहत वैधानिक कार्रवाई की जा रही है. साथ ही नाबालिग पीड़ित की पहचान और गोपनीयता को पूरी तरह सुरक्षित रखते हुए प्रकरण की निष्पक्ष विवेचना की जा रही है.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button